
रांची। राजधानी रांची में गुरुवार को पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाने के लिए लंबी कतार लगी। दो हजार रुपये से ज्यादा का पेट्रोल और तीन हजार से ज्यादा का डीजल देने से इनकार कर रहे संचालकों ने शहरवासियों को परेशान कर दिया। सुबह से ही विभिन्न इलाकों में पंप बंद नजर आए, तो कहीं न्यूनतम मात्रा में ही तेल बांटा गया। राजेंद्र चौक, सिरमटोली, जेल मोड़, बिरसा चौक और करमटोली जैसे प्रमुख इलाकों में लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। जिन पेट्रोल पंप पर पहले सन्नाटा पसरा रहता था, वहां गुरूवार को पंप में तेल खत्म होने तक भारी भीड़ रही। राजेंद्र चौक के तिवारी पेट्रोल पंप पर दोपहर तीन बजे ताला जड़ दिया गया।



आसपास के लोग निराश होकर वैकल्पिक पंपों ढ़ूढ कर अपनी गाड़ी में फूल टैंक भरने की जद्दोजहद करने लगे। सिरमटोली स्थित एक पंप पर तो सख्ती बरती जा रही है, 200 रुपये से ज्यादा का पेट्रोल किसी को नहीं। संचालक बोले, स्टाक सीमित है, इसलिए लिमिट लगा दी है। जेल मोड़ चौक से करमटोली चौक के बीच दो पंप में से एचपी पंप सुबह से ही बंद पड़ा रहा, वहीं पास के इंडियन आयल पंप पर दो बजे तेल पहुंचा तो कतारें लंबी हो गईं।
एक संचालक ने बताया कि, 3000 रुपये से ज्यादा डीजल और 2000 से ज्यादा पेट्रोल किसी को नहीं दे रहे। ज्यादा चाहिए तो गाड़ी दोबारा लाईन लाकर लें, तब 2000-3000 तक दोबारा दिया जाएगा। पेट्रोल पंप में एम्बुलेंस तक गैलन भरकर पेट्रोल लेती नजर आईं।
बिरसा चौक के इंदिरा प्रस्थ पंप पर शाम तक कतारें कम न हुईं। नागेश्वर पंप तो शाम ढलते ही तेल खत्म होने पर बंद हो गया। वहीं रांची के आस पास के पेट्रोल पंप में भी ऐसा नजर देखने को मिला।

