
धनबाद। लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं होने पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर राजनीति कर रहा है और बिल को लागू नहीं होने देना चाहता।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आए थे, लेकिन विपक्षी दलों ने इसे रोकने की कोशिश की।



उन्होंने विपक्ष पर परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे दल महिला आरक्षण बिल को लागू नहीं होने देना चाहते। इस विधेयक का विरोध कर विपक्ष ने महिलाओं और देश के मूल्यों के प्रति अपनी नकारात्मक सोच को उजागर किया है।रघुवर ने कहा कि भविष्य में मजबूत जनादेश के साथ इस विधेयक को फिर से लाया जाएगा और पारित कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने पर 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महिलाओं को इसका सीधा लाभ मिलता। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के आगामी चुनाव को लेकर कहा कि इस बार बंगाल में कमल खिलेगा और महिला शक्ति विपक्ष को करारा जवाब देगी।इसके पूर्व रघुवर दास धनबाद के सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

