
गोपालगंज। गोपालगंज में जन सुराज पार्टी को बड़ा झटका लगा है। यहां पर जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉक्टर शशि शेखर सिन्हा ने गोपालगंज विधानसभा सीट से अपना नामांकन वापस ले लिया है। हालांकि जनसुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष ने बताया कि डॉ शशि शेखर सिन्हा ने स्वास्थ्य कारणों से नामांकन वापस लिया है। लेकिन इस मामले में प्रत्याशी डॉक्टर शशि शेखर सिंहा ने कुछ और वजह बताई है। डॉ सिन्हा से जब फोन पर बात की गई तो उन्होंने पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं की वजह से नामांकन वापस लेने की बात कही।



डॉ शशि शेखर सिन्हा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि वे पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं के कार्यकलाप से नाराज थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के कुछ स्थानीय कार्यकर्ता जो खुद टिकट चाहते थे। वो उन्हें टिकट देने से अंदरूनी रूप से नाराज है। इसी की वजह से वे पार्टी में भीतर ही भीतर उनका विरोध कर रहे थे। डॉक्टर शशि शेखर ने कहा कि पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को उनके विरोधी गुट के लोग बरगला रहे थे। और उनके खिलाफ चुनाव में हराने को लेकर साजिश रच रहे थे। इसी भितरघात की वजह से उन्होंने आज नामांकन वापस लेने का फैसला लिया है।
डॉक्टर शशि शेखर सिन्हा गोपालगंज सदर विधानसभा सीट से जनसुराज के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में थे। 76 वर्षीय डॉक्टर सिन्हा गोपालगंज के वरिष्ठ चिकित्सक हैं। और उनकी गोपालगंज में एक बड़ी धाक है।

