
भागलपुर/खगड़िया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पूर्व की अपेक्षा राज्य में बिजली की स्थिति में काफी सुधार आया है। लोगों को 125 यूनिट बिजली मुफ्त मिल रही है। अगली बार सेवा का मौका मिला तो हर छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। लालू-राबड़ी के शासनकाल में काफी कम बिजली मिलती थी। पटना जैसे शहर में ही आठ घंटे से अधिक बिजली नहीं रहती थी। अब स्थिति में काफी बदलाव आया है।



गुरुवार को मुख्यमंत्री खगड़िया के कोसी इंटर विद्यालय, पनसलवा मैदान व भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड की अरार-धुआवे पंचायत के श्री चंडिका मिश्री लाल कृष्ण प्रसाद माध्यमिक उच्चतर प्लस टू विद्यालय परिसर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में वे गलत लोगों के साथ चले गए थे, अब ऐसा कभी नहीं होगा। वे हमेशा एनडीए के साथ रहेंगे। उन्होंने खगड़िया में 520 करोड़ की लागत से 250 व भागलपुर में 302 करोड़ की लागत से 59 विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। खगड़िया में बिहार के भूतपूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह व भागलपुर में भूतपूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. सदानंद सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
मु्ख्यमंत्री ने लालू-राबड़ी के शासनकाल पर जमकर हमला बोलते हुए परिवारवाद को भी निशाने पर लिया। कहा कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में लोग शाम में घरों से निकलने में परहेज करते थे। हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता रहता था। शिक्षा-सड़क की स्थिति बदहाल थी। पूर्व की सरकार ने अल्पसंख्यकों के लिए कोई काम नहीं किया। तब हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता रहता था।
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने कब्रिस्तानों की घेराबंदी करवाई, मंदिरों की चहारदीवारी बनी। स्कूलों में शिक्षकों की बहाली कर पोशाक व साइकिल योजना चलाई गई। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बेहतर काम हुआ है। पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक महीने में 30 मरीज जाते थे, अब 11,600 मरीज जाते हैं। पहले पूरे बिहार में छह मेडिकल कालेज थे, अब बढ़कर 12 हो गए।
उन्होंने कहा कि पटना मेडिकल कॉलेज में बेड की संख्या बढ़ाकर 5400 कर दी गई। बिहार के किसी भी कोने से पांच घंटे में राजधानी पटना पहुंच सकते हैं। पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार दिया जाएगा। राज्य में स्वयं सहायता समूहों की स्थिति में भी सुधार आया है। सभी पंचायतों में विवाह भवन बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र का भरपूर सहयोग मिल रहा है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यसभा सांसद सह जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, सांसद अजय कुमार मंडल, विधायक पवन कुमार यादव, विधायक ललित नारायण मंडल आदि उपस्थित थे। खगड़िया की सभा में बेलदौर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल व पूर्व विधायक पूनम देवी सहित अन्य नेतागण थे।

