
बलिया । उत्तर प्रदेश के बलिया रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को जीआरपी ने साबरमती-दरभंगा एक्सप्रेस में बड़ी कार्रवाई की है। जीआरपी ने एक यात्री के पास से 1.80 करोड़ रुपये नकद बरामद किए। यह रकम ए-2 कोच में सीट नंबर 44 पर यात्रा कर रहे ओमप्रकाश चौधरी के दो स्लेटी रंग के ट्रॉली बैग से मिली। ओमप्रकाश बिहार के सारण जिले के मरहियां का निवासी है। जीआरपी ने जब उनसे बैग में इतनी बड़ी रकम पाए जाने को लेकर सवाल किया तो उनके बयानों में विरोधाभास जीआरपी को मिला। उनके पास इन पैसों के होने के बाबत कोई स्पष्ट जवाब नहीं था।



थानाध्यक्ष विवेकानंद के नेतृत्व में जीआरपी की रूटीन चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर ओमप्रकाश से पूछताछ की गई। बैग की तलाशी में रुपये की गड्डियां मिलीं। लेकिन वह रकम के स्रोत या कागजात नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने कई बार बयान बदले। पहले दावा किया कि रुपये ट्रक खरीदने के लिए हैं। कुछ समय बाद पूछताछ के बीच उसने कहा कि यह रकम जमीन बेचकर उसे मिली है। उसके अस्पष्ट जवाबों ने पुलिस का संदेह बढ़ा दिया।
जीआरपी ने तत्काल आयकर विभाग के उपनिदेशक (जांच), यूनिट-2, वाराणसी को सूचित किया। आयकर विभाग मामले की जांच में जुट गया है।पुलिस के अनुसार, ओमप्रकाश झांसी से छपरा जा रहा था। इस रकम के अवैध स्रोत होने की आशंका जताई जा रही है। आयकर विभाग अब रकम के स्रोत और इसके उपयोग की जांच करेगा। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।
जानकारों की माने तो आगामी कुछ महीनो में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में इस रकम के दुरुपयोग की आशंका के एंगल से भी जांच एजेंसी इस धनराशि की जांच कर सकती हैं।

