
रांची। इंडियन क्रिकेट टीम के विश्व विजेता कप्तान एमएस धोनी सोमवार को अपना 44वां जन्मदिन मनाया। धोनी ने रांची में अपने करीबी दोस्तों और परिचित लोगों के साथ जन्मदिन मनाया। धोनी के केक काटने एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में धोनी ब्लैक कलर की टी-शर्ट पहने हुए हैं। उन्होंने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के अपने साथियों के साथ जन्मदिन मनाया और केक काटा। धोनी अपने दोस्तों के साथ केक कटते हुए और उन्हें खिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान एक व्यक्ति ने वीडियो बनाकर इन निजी पलों को कैमरे में कैद कर लिया और वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।



इस दौरान माही बेहद खुश नजर आए। भारत के महानतम कप्तानों में शुमार धोनी को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी बधाई दी है। बीसीसीआई ने विश करते हुए लिखा, ‘टी20 विश्व कप, वनडे विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी…धोनी को हैप्पी बर्थडे। भारत के पूर्व कप्तान और इस खेल को खेलने वाले दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक।’
झारखंड से अपना सफर शुरू करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी जो अपनी पावर-हिटिंग और बेहतरीन फिनिशिंग के लिए जाने जाते थे, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ी सफलता हासिल की। उन्होंने भारत के लिए 2004 में वनडे फॉर्मेट के जरिए डेब्यू किया था। इसके बाद 2005 में उन्हें टेस्ट डेब्यू का मौका मिला और 2006 में उन्होंने अपना टी20 डेब्यू टीम इंडिया के लिए किया।
धोनी को साल 2007 में भारतीय क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया. उन्होंने भारत को 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी 2013 का खिताब दिलाया. उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने नंबर 1 के स्थान पर भी कब्जा किया था।