
रांची। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और पत्नी साक्षी सिंह धोनी आज 16वीं शादी की सालगिरह मना रहे हैं। साक्षी ने सोशल मीडिया पर अपने और माही के साथ बिताए पलों की कुछ खास तस्वीरें शेयर की हैं, जो उनके फैंस के बीच तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस इन पलों को खूब पसंद कर रहे हैं और कमेंट्स के जरिए कपल को शुभकामनाएं दे रहे हैं।



साक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खूबसूरत पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने शादी के खास पलों की तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में दोनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं, और उनकी बॉन्डिंग देखते ही बनती है। साक्षी ने दूसरे पोस्ट में फोटो कोलाज शेयर की है, जिसमें चार तस्वीरें काफी खास हैं।
पहली तस्वीर में धोनी कुर्सी पर बैठे हैं और साक्षी उन्हें पीछे से प्यार से थामे हुए हैं। दूसरी फोटो में माही अपनी पत्नी को बैज लगा रहे हैं। तीसरे फ्रेम में दोनों सेल्फी लेते हुए मुस्कुरा रहे हैं। चौथी तस्वीर में साक्षी अपने पति धोनी को गले लगाते हुए नजर आ रही हैं. इन तस्वीरों के साथ साक्षी ने कोई लंबा कैप्शन नहीं लिखा, लेकिन तस्वीरों ने ही सब कुछ बयां कर दिया।

