
खूंटी। जिले के मारंगहादा थानांतर्गत लांदुप पंचायत के काड़ेतुबिद गांव में ग्रामप्रधान बलराम मुंडा के मकान में शनिवार की देर रात लगभग दर्जन भर अपराधियों ने धावा बोलकर ग्राम प्रधान बलराम मुंडा (45 वर्ष) की गोली मारकर एवं लाठी डंडों समेत अन्य धारदार हथियारों से हमला कर निर्मम तरीके से हत्या कर दी। इस दौरान घर में मौजूद उसका भतीजा अचू मुंडा जब उसे बचाने निकला तो अपराधियों ने उसपर भी जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल अचू मुंडा का इलाज अस्पताल में किया गया। घटना देर रात लगभग 11:30 बजे की है। बाद में घटना की सूचना मारंगहादा थाना की पुलिस को मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक पड़ताल के बाद शव को कब्जे में का पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेजा।



जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान के घर में धावा बोलने से पूर्व अपराधियों ने उसके अगल-बगल के घरों के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया था। बताया गया कि ग्राम प्रधान के मकान में प्रवेश करते ही अपराधियों ने ग्राम प्रधान के साथ गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। पहले लाठी-डंडों से पीटने और धारदार हथियारों से हमले के बाद उसे गोली मार दी गई। घातक हथियारों से लैस अपराधी 15 मिनट से अधिक समय तक घर में रहे और इस दौरान ग्राम प्रधान पर हमला करने के साथ ही घर में रखे धान के बोरों को फाड़ दिया और अन्य सामानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि स्वजनों के अनुसार देर रात अपराधी ग्राम प्रधान के घर में लूटपाट करने पहुंचे थे। ग्राम प्रधान द्वारा अपराधियों का प्रतिरोध करने पर अपराधियों ने उसपर हमला कर उसकी हत्या कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जल्द ही हत्याकांड में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं, एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि हत्याकांड की जांच के लिए खूंटी एसडीपीओ के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित की गई है। एसआईटी द्वारा लगातार छापामारी की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे कुछ हथियार भी बरामद हुए हैं। संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
ग्राम प्रधान बलराम मंडा की सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में भय का वातावरण व्याप्त हो गया है। बलराम मंडा न केवल ग्राम प्रधान थे, बल्कि भाजपा खूंटी ग्रामीण मंडल के मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। उनकी हत्या की खबर सुनते ही पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा के नेता कार्यकर्ता पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने संवेदना जताते हुए मृतक के स्वजनों को ढांढस बंधाया और घटना की जानकारी ली। पूर्व विधायक ने राज्य की विधि व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि खूंटी में लोग आज भी दहशत में रह रहे हैं। उन्होंने इस घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने और खूंटी जिला की विधि व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की।

