
पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का दो अनोखा वीडियो सामने आया है। एक वीडियो में वो अपने नाती-नातिनों के साथ समय बिता रहे हैं और दूसरे में उन्हें सत्तू खिला रहे हैं। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने इस पल को सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो में बच्चे नाना का पैर दबा रहे हैं और लालू यादव उन्हें प्यार से सत्तू खिला रहे हैं। गर्मी की छुट्टियों में राबड़ी आवास में लालू प्रसाद यादव का एक अलग अंदाज देखने को मिला। इन दिनों वो अपने नाती-नातिनों के साथ खास दिन बिता रहे हैं।



लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इस पल को कैमरे में कैद किया। उन्होंने इसे सोशल मीडिया पर शेयर भी किया। उन्होंने लिखा कि नटखटों की टोली को आलिंगन में लेकर नाना सारे जहान का लाड़-प्यार-दुलार और आशीर्वाद समेट कर उड़ेल देते, तभी तो नाना सबको भाते, छुट्टियों में सब नाना के पास दौड़े चले आते।
एक दूसरे वीडियो में सत्तू लेने के लिए बच्चे लाइन में लगे हुए हैं। बगल में खड़ी नानी राबड़ी देवी बच्चों को लाइन में लगा रही हैं। रोहिणी आचार्य ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि न आइसक्रीम, न कैंडी, न चॉकलेट, न टॉफी, न मिठाई नाना जी का सत्तू ही सबसे ज्यादा पसंद है बाल- मंडली को भाई।
रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि हम नन्हे-मुन्हों के सबसे अच्छे सच्चे दोस्त हमारे नाना उनके राजदुलारे हैं हम, सबसे प्यारे, सबसे न्यारे हमारे नाना खूब कहानियां सुनाते नाना, सबसे अनूठे हमारे नाना हम सबों का ख्याल रखते हमारे नाना दिल से बिल्कुल ही हम जैसे हमारे नाना आप जिएं हजारों साल नाना।

