
दुबई। इजरायल ने रविवार को ईरान पर व्यापक हमला किया और उसके ऊर्जा उद्योग तथा रक्षा मुख्यालय को निशाना बनाया। वहीं ईरान ने भी इजरायल के खिलाफ जवाबी हमले तेज करते हुए मिसाइलों की बौछार कर दी। दो दिन पहले इस्राइल द्वारा तेहरान के तेजी से बढ़ते परमाणु कार्यक्रम को रोकने के उद्देश्य से किए गए हमलों के बाद दोनों देश हमला और जवाबी हमला करने में लगे हैं।



इजरायल पर ईरान के मिसाइल हमलों के बीच तेहरान में भी विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं। इस्राइल के आपातकालीन अधिकारियों ने कहा कि ईरान के हमले से देश भर में कई स्थानों पर लोगों की मौत हुई है। इस्राइली आपातकालीन अधिकारियों ने बताया कि गैलिली क्षेत्र में एक इमारत पर हमले के चलते चार लोगों की मौत हो गई, वहीं मध्य इजरायल में हमले में दो महिलाओं और 10 वर्षीय लड़के की मौत हो गई।
ईरान में हताहत हुए लोगों की संख्या के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। इजरायल ने ईरान के रक्षा मुख्यालय के साथ-साथ उन स्थलों को भी निशाना बनाया जिनके बारे में उसका कहना है कि वे देश के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े हैं। ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया कि ईरानी मिसाइलों ने इस्राइल के लड़ाकू विमानों के लिए ईंधन का उत्पादन करने वाले केन्द्रों को निशाना बनाया।
दोनों देशों के मध्य जारी संघर्ष के बीच ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु वार्ता रद्द कर दी गई है। इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने सोशल मीडिया पर कहा कि तेहरान जल रहा है। इस्राइली सेना और ईरान के सरकारी टेलीविजन दोनों ने ईरानी मिसाइलों के नवीनतम हमले की जानकारी दी। आधी रात के करीब सुरक्षा पर इस्राइली कैबिनेट की बैठक के दौरान विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। दुनियाभर के नेताओं ने तनाव कम करने और व्यापक युद्ध से बचने का तत्काल आह्वान किया है। चीन के विदेश मंत्री ने कहा कि परमाणु स्थलों पर हमले ने एक खतरनाक मिसाल कायम की है। इजरायल को व्यापक रूप से पश्चिम एशिया में एकमात्र परमाणु संपन्न देश माना जाता है। इसने कहा कि पिछले दो दिनों में ईरान पर उसके सैकड़ों हमलों में ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े कई शीर्ष जनरल, नौ वरिष्ठ वैज्ञानिक और विशेषज्ञ मारे गए हैं।
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत ने कहा है कि 78 लोग मारे गए और 320 से अधिक घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था ने ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकने संबंधी दायित्वों का पालन नहीं करने के लिए बृहस्पतिवार को फटकार लगाई थी।

