
रांची। डोरंडा निवासी एक अधिकारी की पत्नी को डिजिटल अरेस्ट कर साइबर अपराधियों ने 59 लाख 44 हजार 307 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर अपराध थाने की पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों में बिहार के पटना जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के टिकिया टोली महेंद्रु निवासी अजय कुमार सिन्हा व उनका बेटा सौरभ शेखर शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों के पास से दो मोबाइल, तीन सिमकार्ड, दो आधार कार्ड, दो चेकबुक व कांड से संबंधित वॉट्सऐप चैट बरामद किए गए हैं। सीआईडी के अधीन संचालित रांची स्थित साइबर अपराध थाने में 28 मार्च को पीड़िता ने अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी।



उन्होंने बताया था कि उनके मोबाइल पर साइबर अपराधियों का वॉट्सऐप कॉल आया और आरोपित ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग के फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी। वह डर गईं और उक्त साइबर अपराधी के झांसे में आ गईं। इसके बाद अपराधियों ने पीड़िता को भयभीत कर उनसे बैंक खातों का डिटेल्स लिया और उन खातों से 59 लाख 44 हजार 307 रुपयों का हस्तांतरण कर लिया।
साइबर अपराध थाने की पुलिस ने राशि हस्तांतरण वाले बैंक खाते का तकनीकी विश्लेषण किया। मिले साक्ष्यों व दस्तावेजों के आधार पर रांची से अधिकारियों की एक टीम पटना पहुंची, जहां आरोपितों को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर कांड से संबंधित साक्ष्य को भी बरामद किया।

