
नई दिल्ली। लोकसभा सांसद एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने पर भाजपा हमलावर है। दिल्ली के भाजपा नेता नवीन कुमार जिंदल और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने उन्हें देश का गद्दार करार दिया है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने चरणजीत सिंह चन्नी के बयान के बाद कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “राहुल गांधी की कांग्रेस पाकिस्तानी आतंकवाद का बचाव करना जारी रखती है। अब चरणजीत सिंह चन्नी हमारी सेना पर सवाल उठा रहे हैं। इस महत्वपूर्ण समय में कांग्रेस हमारी सेना का मनोबल क्यों गिरा रही है? कांग्रेस सीधे पाकिस्तान से आदेश ले रही है।”
नवीन कुमार जिंदल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर चरणजीत सिंह चन्नी का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “अभी सेना का मनोबल बढ़ाने का समय है, लेकिन कांग्रेस नेता चन्नी को देखिए… फिर सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हुए सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांग रहे हैं। ये देश के गद्दार हैं। पाकिस्तान खुद मान चुका है कि सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी।”



भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ‘एक्स’ पर लिखा, “अभी कांग्रेस (कार्य समिति) की मीटिंग के बाद वरिष्ठ नेता चरणजीत चन्नी भारत सरकार के सर्जिकल स्ट्राइक को झूठ बता रहे हैं। जिस हिंदू का खून ना खौले, खून नहीं वो पानी है, भारत के जो काम ना आए, बेकार जवानी है।”
उल्लेखनीय है कि चरणजीत सिंह चन्नी ने यहां कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में शामिल होने के बाद मीडियाकर्मियों से चर्चा के दौरान कहा, “हमारे देश में कोई बम गिरे तो पता नहीं चलेगा? कहते हैं कि हमने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक किया, कुछ नहीं हुआ। कहीं नहीं दिखे सर्जिकल स्ट्राइक, किसी को नहीं पता चला।”

