
पटना। मिथिलांचल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब पटना की धरती से मगध और शाहाबाद की जनता को अपरोक्ष रूप से चुनावी संदेश देंगे। पीएम नरेंद्र मोदी का यह आगमन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुरोध पर होने वाला है। प्रदेश भाजपा मिथिलांचल के बाद अब उनके पटना आगमन की तैयारी में जुट गई है।



मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री का पटना आगमन 4 मई को प्रस्तावित है। मिथिलांचल की जनसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विशेष रूप से आग्रह किया था। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि ‘आपके नेतृत्व में बिहार में काफी काम हो रहा है। 4 मई को भी कुछ योजनाओं का उद्घाटन है। बिहार की तरफ से मेरा आपसे आग्रह है कि 4 मई को पटना की धरती पर आया जाय और विकास के कार्यों का अवलोकन किया जाए।’
प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति में भी पीएम नरेंद्र मोदी के 4 मई के आने के प्रोग्राम पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने संगठन के तमाम पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके आने के कार्यक्रम को देखते उनके स्वागत और कार्यक्रम की सफलता को ले कर अभी से ही जुट जाएं। व्यवस्था में कोई चूक न हो।
मोदी के का पटना आगमन के कई उद्देश्य हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण है खेलो इंडिया कार्यक्रम का उद्घाटन। पीएम नरेंद्र मोदी पटना स्टेडियम में आयोजित खेलो इंडिया समारोह का उद्घाटन करेंगे। खेलो इंडिया समारोह नीतीश सरकार की प्रतिभा खोजो अभियान है। इसके अलावा राजगीर में आयोजित कुछ खेल समारोह का भी उद्घाटन पटना स्टेडियम से ही करेंगे।
पीएम नरेंद्र सिंह सिमरिया पुल का भी उद्घाटन कर सकते हैं। बिहार सरकार ने इस पुल के उद्घाटन का भी आग्रह पीएम मोदी से किया है। पीएम नरेंद्र मोदी उस पुल का भी उद्घाटन कर सकते हैं जो बख्तियारपुर नेशनल हाईवे का विस्तारित भाग है। अब इस नए नेशनल हाईवे से पटना अब सीधे मोकामा से जुड़ गया है। पटना से ही इस नेशनल हाईवे का उद्घाटन हो सकता है। यह NH केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह का ड्रीम प्रोजेक्ट है।
जानकारी के अनुसार पी एम नरेंद्र मोदी बिहटा में बन रहे नए एयरपोर्ट का शिलान्यास भी कर सकते हैं। इस क्रम में पीएम नरेंद्र मोदी बिहटा एयरपोर्ट के कार्यों का विस्तृत जायजा लेंगे। साथ ही पटना में बन रहे नए टर्मिनल का भी जायजा ले सकते हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरान पहलगाम हमले को लेकर आतंक के खिलाफ की गई कार्रवाई को भी लोगों को खुले मंच से बता सकते हैं।

