
नई दिल्ली । पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सिंधु जल संधि को रोकने के सरकार के फैसले की जमकर सराहना की है। निशिकांत दुबे ने कहा कि अब पाकिस्तान को ‘तड़पा तड़पा के मारेंगे’। झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद ने इसी बहाने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को भी निशाना बनाया है कि उन्होंने नोबेल प्राइज लेने के लिए सिंधु जल संधि को अंजाम दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ‘पाकिस्तान का हुक्का-पानी बंद करने की भी चेतावनी दी है।



बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने एक्स (X)पोस्ट पर पहलगाम हमले के बाद मोदी सरकार के सिंधु जल संधि रोकने के फैसले की तारीफ करते हुए लिखा है, “सांप को पानी पिलाने वाले समझौते के नायक नेहरू जी, जिन्होंने 1960 में नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने के चक्कर में सिंधु, रावी, व्यास, चिनाब, सतलुज का हमारा पानी पिलाकर हिंदुस्तानी का खून बहाया, आज मोदी जी ने दाना पानी बंद कर दिया । बिना पानी के पाकिस्तानी मरेंगे… यह है 56 इंच का सीना । हुक्का, पानी, दाना पानी बंद, हम सनातनी भाजपा के कार्यकर्ता हैं, तड़पा तड़पा के मारेंगे।”
दरअसल, पहलगाम आतंकी हमले के एक दिन बाद यानी 23 अप्रैल को भारत ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देने के लिए कई कदम उठाए हैं। यह संदेश सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देने के खिलाफ है। भारत ने कहा है कि 1960 की सिंधु जल संधि को रोक दिया जाएगा। अटारी में इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट को भी तुरंत बंद कर दिया जाएगा। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। यह कॉन्फ्रेंस कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक के बाद हुई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी नागरिकों को सार्क (SAARC) वीजा छूट योजना के तहत भारत आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

