
पटना । राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेटे और विधायक तेज प्रताप यादव को अब जुर्माना भरना पड़ सकता है। दरअसल होली के दिन राजद नेता तेजप्रताप यादव पटना की सड़कों पर बिना हेलमेट स्कूटी चलाते नजर आए थे। अब पुलिस ने इसपर ऐक्शन लेने का मूड बना लिया है। तेजस्वी यादव ने अपने आवास पर ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को वर्दी में ठुमका लगाने के लिए कहा था। इस मामले में ठुमका लगाने वाले पुलिसवाले पर भी ऐक्शन हुआ है।



दरअसल 15 मार्च को तेजप्रताप के आवास पर होली कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में मौजूद राजद विधायक तेजप्रताप यादव ने मंच से एक पुलिसवाले को ऑर्डर दिया कि ठुमके लगाओ, वरना सस्पेंड कर दिए जाओगे। इसके बाद तेजप्रताप यादव ने एक गीत गाया और पुलिसकर्मी ने ठुमका लगाया था।
तेजप्रताप द्वारा पुलिसवाले को ऑर्डर दिए जाने का एक वीडियो भी सामने आया है। अब एसएसपी अवकाश कुमार ने इस मामले में संज्ञान लिया है। एसएसपी ने गार्ड को पुलिस लाइन में उपस्थित होने के लिए कहा है। तेजप्रताप यादव के कहने पर अंगरक्षक सिपाही दीपक कुमार के वर्दी में नाचने पर उसे पुलिस लाइन भेज दिया गया है। उसके स्थान पर दुसरे सिपाही को तेजप्रताप के अंगरक्षक में प्रतिनियुक्त करने का आदेश दिया गया है।
इधर होली के मौके पर ही तेज प्रताप यादव पटना के पॉश इलाके में बिना हेलमेट स्कूटी चलाते नजर आए थे। इस मामले में भी ऐक्शन हुआ है। पुलिस ने साफ किया है कि बना हेलमेट स्कूटी चला कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तेजप्रताप यादव के खिलाफ चालान जारी किया जाएगा। तेज प्रताप यादव स्कूटी चलाते हुए सीएम आवास तक पहुंचे थे और वहां उन्होंने कहा था, ‘ए पलटू चाचा, हैप्पी होली।’ इसका भी एक वीडियो काफी वायरल हुआ था। बताया जा रहा है कि इस स्कूटी का इंश्योरेंस भी नहीं था। पटना ट्रैफिक पुलिस ने हेलमेट के अलावा इंश्योरेंस का चालान भी काटा है। इस स्कूटी पर तेजप्रताप के अलावा एक अन्य शख्स भी नजर आय़ा था। यातायात पुलिस ने होली में बिना हेलमेट घूमने पर विधायक तेज प्रताप यादव की स्कूटी का 4 हजार रुपये का चालान किया।

