
गुमला। टोटो थाना क्षेत्र के ओम प्रकाश गुप्ता के घर में हुई चोरी के मामले का गुमला पुलिस ने उद्भेदन करते हुए घटना में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में टोटो के देवरस नगर निवासी 25मो. रिजवान आलम, सिसई के खिदलाटोली निवासी प्रदीप उरांव व चामा उरांव को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, 10 हजार रूपया, तीन जोड़ी चांदी का पायल, तीन जोडी बिछिया, टीवीएस रायडर बाईक व दो मोबाईल बरामद किया।



मंगलवार को गुमला थाना में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक गुमला को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पूर्व से आरोपित मो. रिजवान आलम को पुलिस ने मामले में गिरफ्तार किया। जिसने पूछताछ में अपनी संलिप्ता स्वीकार की। पुछताछ में उसने पुलिस को बताया कि चोरी के घटना में सात लोग शामिल थे। जिसमें चार लोग घर के अंदर लूटपाट करने व तीन घर के बाहर रेकी कर रहे थे। गिरफ्तार अभियुक्त रिजवान की निशानदेही पर घटना में शामिल प्रदीप उरांव व चामा उरांव को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिनके घर से पुलिस ने चोरी का समान बरामद किया। जबकि घटना का मास्टर मांइड सहित चार लोग अब भी फरार हैं। जिसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। वहीं रिजवान की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्तौल व गोली भी बरामद किया गया। छापामारी अभियान में थाना प्रभारी गुमला सुरेंद्र कुमार सिंह, पुअनि उदेश्वर पाल, पुअनि मुनेश तिवारी, सअनि गफ्फार अंसारी शामिल थे।
राजू कुमार गुप्ता के घर हुई चोरी का खुलासा : गुमला पुलिस ने टोटो के राजू कुमार गुप्ता के घर में हुई चोरी के मामले में एक नाबालिक को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया है। वहीं चोरी हुए दो पीस सोना का हार, सोना का कान का टॉपस, सोना का जितिया, सात पीस चांदी की ताबीज, तीन जोड़ा चांदी का पाला, दो पीस चांदी का धोकला व उन्नीस सौ रूपया बरामद किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कांड के अनुसंधान के क्रम में नाबालिग को निरूद्ध किया। घटना के बारे में नाबालिग ने पूछताछ में बताया कि राजू कुमार गुप्ता के घर में जब कोई नहीं था तब उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात व रूपया बरामद किया गया। छापामारी अभियान में पुअनि उदेश्वर पाल, सअनि गफ्फार अंसारी, आरक्षी राजेश्वर नायक, शशिकांत राम व विकास राम शामिल थे।

