
मुंबई। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों और महंगाई आंकड़ों से फेड रिजर्व के ब्याज दर में कटौती को लेकर जारी अनिश्चितता से हताश निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा बिकवाली के दबाव में गुरुवार को शेयर बाजार में कोहराम मच गया।



बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1190.34 अंक अर्थात 1.48 प्रतिशत का गोता लगाकर 79,043.74 अंक पर आ गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 360.75 अंक यानी 1.49 प्रतिशत लुढ़ककर 23,914.15 अंक पर बंद हुआ। हालांकि बीएसई की मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में मिलाजुला रुख रहा। इससे मिडकैप 0.06 प्रतिशत गिरकर 45,929.80 अंक रह गया जबकि स्मॉलकैप 0.41 प्रतिशत की तेजी के साथ 54,782.58 अंक पर पहुंच गया। इस दौरान बीएसई में कुल 4049 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2207 में लिवाली जबकि 1733 में बिकवाली हुई वहीं 109 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 46 कंपनियां लाल जबकि अन्य चार हरे निशान पर बंद हुई।
शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन कारोबार के बाद घट कर 443.40 लाख करोड़ रुपये (अस्थाई) हो गया। बीएसई में रियल्टी, तेल एवं गैस और यूटिलिटीज की 0.63 प्रतिशत तक की तेजी को छोड़कर अन्य 18 में गिरावट का रुख रहा। इस दौरान फोकस्ड आईटी 2.35, आईटी 2.26, टेक 2.12, वित्तीय सेवाएं 0.68, हेल्थकेयर 0.51, दूरसंचार 0.65, आॅटो 1.39, बैंकिंग 0.81, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.81 और धातु समूह के शेयर 0.45 प्रतिशत टूट गए।
इन कंपनियों के शेयर बढ़े : पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अडाणी इंटरप्राइजेज 1.64 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 0.82 प्रतिशत, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया 0.57 प्रतिशत और सिप्ला 0.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ के टॉप 4 गेनर्स में शामिल हुए।
इन कंपनियों के शेयर घटे : दूसरी ओर एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 5.10 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.53 प्रतिशत, इंफोसिस 3.53 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 3.36 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस 2.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

