
रांची। चुनाव आयोग ने झारखंड में होने वाले विधानसभा को लेकर राज्य के प्रभारी डीजीपी अनुराग गुप्ता को हटा दिया है। आयोग ने राज्य सरकार को अविलंब नए डीजीपी को नियुक्ति करने का निर्देश दिया है। जिसके बाद राज्य सरकार की ओर से आईपीएस अजय कुमार सिंह को नया डीजीपी बनाया गया है।



आईपीएस अजय कुमार सिंह को डीजीपी बनाए जाने को लेकर देर शाम अधिसूचना जारी कर दी गई। इससे पहले अजय कुमार सिंह झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉपोर्रेशन लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। अजय कुमार सिंह 1989 बैच के आईपीएस हैं। पिछले साल फरवरी में उन्हें झारखंड का डीजीपी बनाया गया था। इससे पहले वो एसीबी में डीजी के पद पर पोस्टेड थे। अजय कुमार सिंह ने राज्य के अलग-अलग विभागों में एडीजीपी रैंक पर सेवा दी है। वो सीआईडी स्पेशल ब्रांच और रेल में भी सेवा दे चुके हैं।
अजय कुमार सिंह हजारीबाग और धनबाद के एसपी भी रह चुके हैं। गृह विभाग की ओर से शनिवार शाम को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्राप्त निर्देश के तहत सीआईडी के अनुराग गुप्ता को महानिदेशक एवं महानिरीक्षक, झारखंड के प्रभार से विमुक्त किया गया है। अनुराग गुप्ता अब झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के सीएमडी अजय कुमार को को प्रभार सौपेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

