
रांची । पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन बुधवार को नई दिल्ली से सीधे राजधानी रांची लौट आए हैं। इसके साथ ही संशय का दौर समाप्त हो गया है, जिसके तहत लोग अटकलें लगा रहे थे कि उनकी आगे की रणनीति क्या होगी। उन्होंने आते ही पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि शुक्रवार,को वो विधिवत भाजपा में शामिल हो जाएंगे।



रांची में अपने आवास पर पहुंचने के बाद उन्होंने पहला काम यही किया और इस्तीफा भेज दिया। जानकारी के अनुसार, उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता और राज्य कैबिनेट से एक साथ इस्तीफा भेज दिया है। ज्ञात हो कि गुरुवार को राज्य कैबिनेट की बैठक है, जिसमें चंपई मौजूद नहीं रहेंगे।
नोवामुंडी में सारंडा क्षेत्र के झामुमो नेता दखल हेम्ब्रम व झुनू सुरीन ने बुधवार को बड़ाजामदा में आयोजित जनसभा में भाजपा का दामन थाम लिया है। दोनों का पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की उपस्थिति में पूर्व सांसद सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। दोनों ने कहा कि झामुमो पार्टी में रहकर घुटन महसूस हो रही थी झामुमो की कार्यशैली जमीन पर कुछ और होती है। भाजपा एक अनुशासनात्मक पार्टी है।

