
ढाका। हिंसाग्रस्त बांग्लादेश में महत्वपूर्ण पदों पर सेना ही काबिज हो गयी है, जबकि सेना के शीर्ष पदों पर भी बड़ा फेरबदल किया गया है। राष्ट्रीय दूरसंचार निगरानी केंद्र के महानिदेशक मेजर जनरल जियाउल अहसन को सेवा से मुक्त कर दिया गया है।



मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद सैफुल आलम को विदेश मंत्रालय में नियुक्त किया गया है। लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद मुजीबुर रहमान को सेना प्रशिक्षण कमान का जीओसी नियुक्त किया गया। लेफ्टिनेंट जनरल अहमद तबरेज को सेना का क्वार्टरमास्टर जनरल, लेफ्टिनेंट जनरल मिजानुर रहमान शमीम को सेना का चीफ आॅफ जनरल स्टाफ, लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद शाहीनुल हक को कमांडर एनडीसी और मेजर जनरल एएसएम रिदवानुर रहमान को एनटीएमसी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
इस बीच, बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने मंगलवार को संसद भंग कर दी। इस कदम ने देश में नए सिरे से चुनाव कराये जाने का रास्ता साफ कर दिया है। उधर, निर्वासित पीएम शेख हसीना किस देश में शरण लेंगी, इस पर संशय बरकरार है। पड़ोसी देश में व्याप्त व्यापक हिंसा पर भारत की पैनी नजर है। सीमा पर चौकसी बढ़ाई गयी है।
शेख हसीना कुछ दिन तक भारत में ही रह सकती हैं। इस बीच, ब्रिटेन सरकार ने बांग्लादेश में हिंसक घटनाओं की संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में जांच कराये जाने की मांग की है। ब्रिटेन सरकार ने हसीना द्वारा राजनीतिक शरण मांगने की खबरों पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की। उधर, बताया जा रहा है कि अमेरिका ने हसीना का वीजा रद्द कर दिया है।
विरोध प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या 440 हुई बांग्लादेश में सरकार विरोधी प्रदर्शन में मरने वालों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 440 हो गई। हिंसा प्रभावित देश में सेना स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। इस बीच, सेना ने गश्त बढ़ा दी है। प्रदर्शनकारियों ने राजधानी में स्थित हसीना के आवास सुधा सदन और अन्य प्रतिष्ठानों पर हमला कर तोड़फोड़ और आगजनी की।
अवामी लीग नेता के होटल में 24 को जिंदा जलाया : बांग्लादेश में एक इंडोनेशियाई नागरिक सहित 24 लोगों को भीड़ ने अवामी लीग पार्टी के एक नेता के स्वामित्व वाले एक होटल में जिंदा जला दिया। बताया गया कि सोमवार देर रात भीड़ ने जोशोर जिले में जिला अवामी लीग के महासचिव शाहीन चक्कलदर के स्वामित्व वाले जाबिर इंटरनेशनल होटल में आग लगा दी। जीवित बचे होटल कर्मचारियों को डर है कि मलबे में और भी शव हो सकते हैं।

