
मधुबनी। रेलवे ने जनकपुर से अयोध्या के बीच चलने वाली ट्रेन सेवा के लिए पूरी तैयारी कर ली है। अब बस शुरूआत के लिए मंजूरी का इंतजार है। रविवार को नेपाल रेलवे के महाप्रबंधक निरंजन झा ने यह जानकारी दी। दरअसल, निरंजन झा जनकपुर-जयनगर रेलखंड का निरीक्षण करने के लिए जयनगर नेपाली रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बताया कि ट्रेन सेवा शुरू करने के लिए भारतीय रेलवे को समय सारिणी भेज दी गई है। हालांकि, अभी तारीख तय नहीं हुई है। नेपाल के भारतीय राजदूत के माध्यम से पूर्व मध्य रेलवे को समय सारिणी भेजी गई है।



महाप्रबंधक ने बताया कि यह ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी और इसमें 20 डिब्बे होंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए एसी, स्लीपर और जनरल डिब्बे होंगे। यह ट्रेन हर शनिवार दोपहर 1:30 बजे जनकपुर से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4 बजे अयोध्या पहुंचेगी। वापसी यात्रा में यह ट्रेन रविवार शाम 5 बजे अयोध्या से चलेगी और सोमवार सुबह 8 बजे जनकपुर पहुंचेगी।

