
नई दिल्ली। नोएडा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ऑनलाइन मंगाई गई एक आइस्क्रीम में कनखजूरा निकला है। सेक्टर-12 क्षेत्र में ऑनलाइन आर्डर की गई एक अमूल आइसक्रीम के अंदर कनखजूरा दिखाई दिया। कनखजूरा मिलने से हंगामा मच गया। इस दौरान ऑनलाइन आईस्क्रीम मंगाने वाली महिला ने ब्लिंकइट में शिकायत की।



जानकारी के मुताबिक, नोएडा निवासी दीपा देवी ने आज सुबह अपने बच्चों के लिए ऑनलाइन आइसक्रीम आर्डर की थी। गर्मी का तापमान अधिक होने की वजह से बच्चे आइसक्रीम खाने की जिद्द कर रहे थे। इसीलिए उन्होंने ऑनलाइन ब्लिंकइट के जरिये अमूल कंपनी का वैनिला मैजिक फ्लेवर आइस्क्रीम 195 रुपये की मंगवाई थी।
आर्डर आने के बाद जब उन्होंने उसे खोलकर देखा तो उसके अंदर कनखजूरा रेंगता हुआ दिखाई दिया। यह देखकर वह बहुत ज्यादा घबरा गई। इसके तुरंत बाद उन्होंने ब्लिंकइट को शिकायत दी। उन्हें ब्लिंकइट की ओर से पैसे वापस कर दिए गए है। ब्लिंकइट कस्टमर केयर ने बताया कि अमूल के मैनेजर उनसे संपर्क करेंगे। लेकिन अभी तक अमूल कंपनी की ओर से उनके पास कोई रिप्लाई नहीं आया है।
दीपा का कहना है कि लोग अक्सर ऑनलाइन सामान आर्डर करते हैं। अगर बच्चे इस कीड़े वाली आइस्क्रीम खा लेते तो, उनके साथ कुछ अनहोनी हो सकती थी। उनका कहना है कि वह शुद्ध शाकाहारी है। अगर इस कीड़े वाली आइस्क्रीम को वो खा लेती तो उनकी आत्मा कितनी दुखती इसका अंदजा नहीं है।

