
हैदराबाद: मीडिया जगत की जानी मानी हस्ती एवं रामोजी समूह के अध्यक्ष रामोजी राव का रविवार को हैदराबाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया।



रामोजी फिल्म सिटी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे किरण ने चिता को मुखाग्नि दी।
खबरों और मनोरंजन की दुनिया में व्यापक बदलाव लाने वाले रामोजी समूह के अध्यक्ष रामोजी राव का शनिवार सुबह यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। रामोजी राव के अंतिम संस्कार में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू समेत कई नेता शामिल हुए।
रामोजी राव ने समाचार पत्र ‘ईनाडु’ और ईटीवी चैनल समूह की शुरुआत करके अविभाजित आंध्र प्रदेश में मीडिया जगत में क्रांतिकारी बदलाव किया था। उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
आंध्र प्रदेश सरकार ने नौ और 10 जून को राजकीय शोक मनाने का फैसला किया है।
एक आधिकारिक संदेश में कहा गया है कि राजकीय शोक के दौरान पूरे राज्य में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और मनोरंजन का कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं होगा।

