चतरा। चतरा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लावालौंग थाना क्षेत्र के होसिर गांव से 912 किलोग्राम डोडा (पोस्ता भूसी) बरामद किया है। बरामद डोडा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित तस्कर जंगाली गंझू फरार हो गया।

रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में आरोपी के घर से भारी मात्रा में डोडा बरामद किया गया। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि डोडा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। एसडीपीओ ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

छापेमारी अभियान में लावालौंग थाना के पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद यादव सहित जिला बल के जवान शामिल थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version