
रांची। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को मई महीने की सम्मान राशि 2500 रुपये का भुगतान कर दिया गया है।
इस योजना के पहले चरण में रांची जिले की 3 लाख 25 हजार 51 महिलाओं को उनके बैंक खातों में कुल 81 करोड़ 26 लाख 27 हजार 500 की राशि भेजी गई है। यह भुगतान पूरी तरह आधार-आधारित है, यानी जिनका आधार बैंक से लिंक था, उन्हें सीधे पैसा मिल गया।
जिन महिलाओं का आवेदन पहले ही मंजूर हो चुका है, लेकिन जिनके बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं, उन्हें अभी भुगतान नहीं हुआ है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अपील की है कि सभी लाभुक जल्दी से जल्दी आधार सीडिंग करवा लें, ताकि अगली किस्त में उन्हें भी फायदा मिल सके।
साथ ही जिनका भौतिक सत्यापन अभी बाकी है, वे अपनी नजदीकी आंगनबाड़ी सेविका से संपर्क करें, सत्यापन फॉर्म लें और प्रक्रिया पूरी करें। सत्यापन पूरा होने के बाद उन्हें भी योजना का लाभ मिलेगा।
