
जयपुर । जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रविवार रात न्यूरो आईसीयू में लगी आग से 8 मरीजों की मौत । आग की जांच के लिए राजस्थान सरकार ने छह सदस्यीय समिति गठित की है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण बताया गया है। वहीं इस घटना के बाद सुबह एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची है। हादसे के कारणाें की जांच के आदेश के बाद घटनास्थल से जानकारी जुटाई जा रही है।
स्वास्थ्य शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि समिति आग लगने के कारण, अस्पताल प्रशासन की तत्परता, ट्रॉमा सेंटर और SMS अस्पताल में फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थिति और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करेगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
जांच समिति की अध्यक्षता चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त अविकल खन्ना करेंगे। सदस्यों में डॉ. पुष्कर कुमार मीणा (अतिरिक्त निदेशक, अस्पताल प्रशासन), डॉ. चनु सिंह मीणा (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर), अजय माथुर (मुख्य अभियंता, विद्युत, PWD), डॉ. आर.के. तंवर (अतिरिक्त प्राचार्य, SMS मेडिकल कॉलेज) और मुख्य अग्निशमन अधिकारी, नगर निगम जयपुर शामिल हैं।
