कैमूर। बिहार के कैमूर जिले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए मोहनिया चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान 3730 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया है।

पुलिस के अनुसार उन्हें एटीएस की ओर से गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक ब्रेजा कार में भारी मात्रा में अवैध कारतूस बिहार भेजे जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर मोहनिया चेकपोस्ट पर कड़ी निगरानी रखी गई। जांच के दौरान एक सफेद रंग की ब्रेजा कार को रोका गया। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शत्रुघ्न शर्मा (उम्र 38 वर्ष), निवासी औरैया जिला (उत्तर प्रदेश) और कुमार अभिजीत (उम्र 25 वर्ष), निवासी नालंदा (बिहार) के रूप में हुई है। बरामद कारतूसों में 60 प्लास्टिक पैकेट में रखे 2950 पीस 8 एमएम बोर के कारतूस और 4 पैकेट में रखे 750 पीस 315 बोर के कारतूस शामिल हैं।

पुलिस ने कारतूस के अलावा आरोपियों के पास से पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पूछताछ के दौरान पता चला है कि यह कारतूस नालंदा में सप्लाई किए जाने वाले थे।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में जल्द ही बड़ा खुलासा हो सकता है। बरामद कारतूसों की मात्रा और तरीके से अंदेशा है कि यह किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा मामला है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version