
रामगढ़। वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा अभियान के तहत रामगढ़ पुलिस ने अंतर-जिला बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की 20 मोटरसाइकिल और 06 मोबाइल फोन बरामद किए।रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने शुक्रवार को रामगढ़ थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ में वाहन जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो लोगों को पकड़ा गया। वे नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली हीरो एचएफ डीलक्स बाइक पर सवार थे।




पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह बाइक गत 9 अक्टूबर को रामगढ़ में गुरुद्वारा रोड स्थित निर्मल एजेंसी के बाहर से चोरी की गई थी।गिरफ्तार आरोपियों में सोनू राम (26), आर्यन कुमार (19), राकेश कुमार (32), मंजूर खान (28), बिनेश्वर बेदिया (32), मो. इजाजुल अंसारी (28) और शमीम अंसारी (34) शामिल हैं। एसपी ने बताया कि सोनू और आर्यन रांची, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग में बाइक चोरी करते थे।रामगढ़ से चोरी की बाइक बोकारो के शमीम को बेची जाती थी, जबकि रांची से चोरी की बाइक रामगढ़ के राकेश, मंजूर, इजाजुल और बिनेश्वर को दी जाती थी। खरीदार बाइक पर डेंट-पेंट कर उसका माडल बदलते और इंजन व चेसिस नंबर घिसकर कम कीमत पर बेच देते थे। बाइक नहीं बिकने पर उसके पुर्जे अलग कर बेचे जाते थे। एसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

