
रांची। जेपीएससी से 1,645 और जेएसएससी से 21,965 पदों पर नियुक्ति होगी। गुरुवार को झारखंड विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा पेश की गई एक्शन टेकेन रिपोर्ट (एटीआर) में कार्मिक विभाग ने इसकी जानकारी दी है। यह रिपोर्ट बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार द्वारा की गई घोषणाओं पर विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई से संबंधित है। इसमें कहा गया कि जेपीएससी के माध्यम से वर्ष 2020 से अबतक कुल 3,377 पदों पर नियुक्ति हुई है। वहीं, 798 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है, जबकि 847 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।
इसी तरह, जेएसएससी के माध्यम से वर्ष 2019 से अबतक कुल 39,687 पदों पर नियुक्ति की जा चुकी है। साथ ही कुल 20,206 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया जा चुका है। वहीं, 1,759 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किए जाने की तैयारी चल रही है।
