
पटना। बिहार सरकार राज्य के खिलाड़ियों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य देने के लिए ह्यमेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना के तहत लगातार प्रयास कर रही है। इस योजना के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 161 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति प्रदान की गई है।योजना के तहत भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को उनकी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर सीधी नियुक्ति दी गई है। मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सरकारी सेवा में सम्मानजनक अवसर प्रदान करना है। योजना के तहत खिलाड़ियों को डीएसपी, दरोगा, पंचायती राज पदाधिकारी और अन्य उपयुक्त पदों पर सीधी नियुक्ति दी जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक सुरक्षा के साथ सामाजिक सम्मान भी मिल रहा है।
