
नई दिल्ली। सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को 24वीं किस्त कल यानी कि 30 अक्टूबर को मिल जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल गुजरात के बनासकांठा जिले में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। राज्य के कृषि मंत्री जीतू वघानी ने यह जानकारी दी। मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। वघानी ने कहा कि प्रधानमंत्री भिलड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित करेंगे। उन्होंने बताया कि गुजरात में 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को 1,051 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता मिलेगी। वघानी ने यह जानकारी भिलड़ी में आयोजित होने वाले ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ की तैयारियों की समीक्षा के बाद दी। प्रधानमंत्री इस दौरान बनास डेयरी द्वारा थराद और राधनपुर में स्थापित किए जा रहे दो संपीड़ित बायोगैस (सीबीजी) संयंत्रों की आधारशिला भी रखेंगे।



O
थराद संयंत्र में प्रतिदिन 75 टन गोबर का प्रसंस्करण किया जाएगा, जबकि राधनपुर संयंत्र की क्षमता प्रतिदिन 100 टन होगी। इन दोनों संयंत्रों के जुड़ने से बनास मॉडल के तहत बायो-सीएनजी संयंत्रों की संख्या बढ़कर छह हो जाएगी। इनकी कुल गोबर प्रसंस्करण क्षमता 515 टन प्रतिदिन होगी। गोबर से उत्पादित बायो-सीएनजी रियायती दरों पर बेची जाती है। बनासकांठा डेयरी फिलहाल प्रतिदिन लगभग 6,100 किलोग्राम बायो-सीएनजी की आपूर्ति कर रही है। इन छह संयंत्रों से हर साल 33,400 से 34,600 टन कार्बन उत्सर्जन कम होने का अनुमान है।

