
रांची। जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान को अब भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा से नई गति मिलेगी। पिछले करीब 26 दिनों से चल रहे जेपीएससी जेएसएससी-सीजीएल आंदोलन के स्थगन के बाद नए सिरे से पूरे राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा चलाई जाएगी। यह यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों के प्रमुख स्थानों पर जाएगी। इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों, पुस्तकालयों, विश्वविद्यालयों एवं छात्र समुदाय के बीच जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और भर्ती व्यवस्था में सुधार एवं पारदर्शिता को लेकर छात्रों को जागरूक किया जाएगा। यात्रा को सफल बनाने के लिए मार्गदर्शक टीम, मैनेजमेंट टीम, प्लानिंग टीम एवं इंटरनेट मीडिया हैंडलिंग टीम का गठन किया गया है।
छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने बताया कि 26 वर्षों से झारखंड की भर्ती व्यवस्था में अनियमितता, अपारदर्शिता, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, धांधली एवं पैरवी से नौकरी पाने जैसी समस्याओं का अंबार लग चुका है। वर्तमान समय में जेपीएससी एवं जेएसएससी में हो रहे भ्रष्टाचार, पेपर लीक एवं धांधली के खिलाफ चल रहा आंदोलन अब एक नए रूप में सामने आ सकता है।
छात्र नेताओं ने कहा कि सोमवार से दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ से भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। जिसका उद्देश्य पूरे राज्य में शैक्षणिक व्यवस्था के साथ साथ भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी बनाना और भ्रष्टाचार को दूर करने का है।
इस अभियान में देवेंद्रनाथ महतो के अलावा राजेश, चंदन रजक, रवि, अयूब अली, विमल महतो, राजेश्वर, विमल कुमार, कमलेश, अंकित एवं प्रेम कुमार सहित अन्य छात्र प्रतिनिधियों का सहयोग रहेगा।देवेंद्र ने कहा कि झारखंड राज्य गठन के बाद से ही भर्ती व्यवस्था में अनियमितता, अपारदर्शिता, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, धांधली एवं पैरवी से नौकरी पाने जैसी समस्याओं से यहां के प्रतिभावान युवा त्रस्त रहे हैं।

