
रांची। पलामू जिले के चैनपुर थाना परिसर में रविवार को आपराधिक मामलों में आरोपित रहे और जेल से छूटे लोगों की थाना परेड कराई गई। परेड में कुल 117 लोग शामिल हुए। इनमें हत्या के 26, लूट के 15, चोरी के 15, आर्म्स एक्ट के 31 तथा अन्य मामलों में वांछित 28 व्यक्ति शामिल थे।
थाना परेड के दौरान पलामू एसपी कपिल चौधरी ने सभी लोगों से बातचीत की और उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली। एसपी ने नसीहत देते हुए कहा कि अपराध की दुनिया को छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें और अपने परिवार तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाएं।
एसपी ने कहा कि अपराध का रास्ता व्यक्ति और उसके परिवार दोनों के भविष्य को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने सभी को कानून का पालन करने, किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने और शांतिपूर्ण जीवन जीने की सलाह दी। साथ ही पुलिस की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना परेड के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश कुमार यादव, थाना प्रभारी लालजी, चैनपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी, जवान और चौकीदार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
