
हजारीबाग/बरही।हजारीबाग जिले में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। केदारनाथ यात्रा पर निकलने की तैयारी कर रहे ओकनी निवासी विक्की सोनी की बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के समीप बेहद नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरा जिला गुस्से से उबल पड़ा। मंगलवार को मृतक के शव के साथ सैकड़ों लोग हजारीबाग के झंडा चौक पर उतर आए और शहर की धड़कन कही जाने वाली सड़कें घंटों तक पूरी तरह जाम रहीं।जानकारी के अनुसार विक्की सोनी अपने चालक सह मित्र अभिषेक उपाध्याय के साथ केदारनाथ यात्रा के लिए निकले थे। रात करीब साढ़े दस बजे जब उनकी कार करसो पुल के पास पहुंची, तभी अचानक वाहन का टायर ब्लास्ट हो गया। चालक सड़क किनारे टायर बदलने में जुटा था कि तभी काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शी चालक के मुताबिक अपराधियों ने बिना किसी बातचीत के विक्की सोनी की गर्दन में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही विक्की जमीन पर गिर पड़े और हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल विक्की को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चालक अभिषेक ने दावा किया है कि उसने हत्यारों का चेहरा देखा है और सामने आने पर उनकी पहचान कर सकता है। पुलिस हत्या के पीछे रंजिश, साजिश और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।इधर हत्या से आक्रोशित परिजन, सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिक मंगलवार को शव लेकर झंडा चौक पहुंच गए। चारों ओर से सड़क जाम कर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों की मांग थी कि हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और जिले में अपराध पर लगाम लगाई जाए। भारी पुलिस बल और वरीय अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रित हुई, लेकिन इस खूनी वारदात ने पूरे हजारीबाग को झकझोर कर रख दिया है।




