
रांची। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में 11 से 13 अक्टूबर तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने शनिवार को येलो अलर्ट जारी किया है।



मौसम विभाग के अनुसार, 11 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं वज्रपात के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। वहीं, 12 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिमी, मध्यवर्ती और दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। मध्यवर्ती क्षेत्र के अंतर्गत रांची, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, रामगढ़ और लोहरदगा जिले शामिल हैं। इसी तरह, 13 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्यवर्ती जिलों, विशेषकर हजारीबाग, रांची, रामगढ़ और लोहरदगा में कहीं-कहीं वज्रपात होने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह आंशिक बादल छाए रहे। हालांकि, दोपहर बाद आसमान साफ हो गया और धूप खिली रही। दिन के समय हल्की गर्मी के साथ उमस भी महसूस की गई। रांची में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.2 डिग्री और न्यूनतम 22.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.5 डिग्री और न्यूनतम 21.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32.8 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहा।

