पटना। गयाजी के पितृपक्ष मेले की धार्मिक भव्यता और सांस्कृतिक विरासत अब डिजिटल दुनिया में भी दिखाई देगी। बिहार पर्यटन विभाग ने मेले को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए खास डिजिटल कंटेंट प्रतियोगिता शुरू करने की तैयारी की है। एक इन्फ्लुएंसर की नजर से’ नाम की इस प्रतियोगिता में रचनात्मक वीडियो बनाने वालों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा।

कैमरे में कैद करें गयाजी की धार्मिक विरासत : प्रतियोगिता में कंटेंट क्रिएटर, ब्लागर, ट्रैवल इन्फ्लुएंसर, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर और रील मेकर के अलावा आम लोग भी हिस्सा ले सकेंगे। किसी एक इंटरनेट मीडिया हैंडल पर कम से कम 25 हजार फालोअर्स वाले प्रतिभागी इसमें शामिल हो सकते हैं। उन्हें पितृपक्ष मेला-2026 की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को रचनात्मक अंदाज में पेश करना होगा। पिंडदान, तर्पण और श्राद्ध की परंपरा के साथ गयाजी के पर्यटन और विरासत स्थलों को भी वीडियो के माध्यम से दिखाना होगा। विभाग का उद्देश्य ऐसे मौलिक डिजिटल कंटेंट तैयार करना है, जो गयाजी की पहचान को व्यापक दर्शकों तक पहुंचा सके।

पहले पुरस्कार में मिलेंगे 3 लाख रुपये : प्रतियोगिता में डिजिटल कंटेंट के लिए पुरस्कार राशि भी आकर्षण का बड़ा केंद्र है। प्रथम पुरस्कार के रूप में 3 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के लिए 2 लाख रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। यानी शीर्ष तीन विजेताओं के बीच ही 6 लाख रुपये की पुरस्कार राशि बांटी जाएगी।

चौथे स्थान के दो प्रतिभागियों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा पांच प्रतिभागियों को 25-25 हजार रुपये के प्रशंसा पुरस्कार मिलेंगे। इस तरह कुल 10 विजेताओं को 8.25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

11 अक्टूबर आखिरी तारीख : प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी 25 सितंबर से 11 अक्टूबर 2026 की शाम 5 बजे तक अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इसके लिए बिहार पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण की सुविधा और प्रतियोगिता से जुड़ी विस्तृत नियम-शर्तें उपलब्ध रहेंगी। प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाने वाला कंटेंट मूल और मौलिक होना जरूरी है। प्रतिभागियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही अपनी वीडियो प्रविष्टि जमा करनी होगी।

पितृपक्ष की कहानी अब सोशल मीडिया पर भी दिखेगी : पितृपक्ष मेला देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक आस्था का बड़ा केंद्र है। ऐसे में पर्यटन विभाग की यह प्रतियोगिता गयाजी की परंपरा, संस्कृति, धार्मिक अनुष्ठानों और विरासत स्थलों को नए डिजिटल अंदाज में सामने लाने का माध्यम बनेगी। पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह के अनुसार, प्रतियोगिता के जरिए उत्कृष्ट डिजिटल कंटेंट को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे गयाजी के पितृपक्ष मेले की तस्वीरें और कहानियां इंटरनेट मीडिया के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सकेंगी।

कैसे करें आवेदन, कहां मिलेगी पूरी जानकारी : प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक लोग बिहार पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट tourism.bihar.gov.in पर जाकर पंजीकरण और विस्तृत नियम-शर्तों की जानकारी ले सकते हैं। समय-सीमा खत्म होने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी प्रविष्टि ऑनलाइन जमा करनी होगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version