बेंगलुरु। कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) ओम प्रकाश की हत्या के मामले की जांच कर रही पुलिस को पता चला है कि पूर्व DGP की पत्नी पल्लवी ने उन्हें चाकू मारने से पहले उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका था। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने इस मामले की मुख्य संदिग्ध पल्लवी और उसकी बेटी कृति को हिरासत में लिया है। बिहार के रहने वाले 1981 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी ओम प्रकाश रविवार को रहस्यमय परिस्थितियों में बेंगलुरु स्थित अपने आवास में मृत पाए गए।

उनका शव एचएसआर लेआउट स्थित उनके तीन मंजिला आवास के भूतल पर खून से लथपथ मिला। सूत्रों ने कहा, “तीखी बहस के बाद पल्लवी ने प्रकाश के चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया था।”

सूत्रों ने बताया कि प्रकाश जलन के कारण इधर-उधर भागने लगे, तभी पल्लवी ने उन पर कई बार चाकू घोंपा जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद पल्लवी ने अपने दोस्त को ‘वीडियो कॉल’ किया और कथित तौर पर कहा, ‘‘मैंने राक्षस को मार दिया है।”

सूत्रों के अनुसार, दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। यह भी बताया जा रहा है कि इस अपराध के पीछे की एक वजह कर्नाटक के दांदेली में स्थित एक जमीन को लेकर विवाद भी था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version