
रांची । रांची में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ विरोध कर रहे छात्र आज जब बैरिकेड्स तोड़कर झारखंड विधानसभा ओर बढ़े, तब उन्हें हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उनपर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले ही कह चुके हैं कि किसी भी समस्या का समाधान लाठी के इस्तेमाल से नहीं, बल्कि बातचीत के जरिए निकाला जा सकता है। बता दें कि पेपर लीक की लगातार घटनाओं से प्रभावित छात्र आज भर्ती परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर झारखंड विधानसभा पहुंचे। छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उनकी मेहनत बेकार न जाए।
वहीं, भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र महतो ने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि अगर पुलिस उन्हें रोकती है तो वे बहस या किसी तरह के विवाद में न पड़ें। उन्होंने छात्रों से अनुशासन बनाए रखते हुए विधानसभा तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्ते तलाशने की अपील की।
आठवीं बैरिकेडिंग पार करने के बाद छात्रों का समूह कई हिस्सों में बंट गया है। कुछ छात्र आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी है। मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। इससे पहले छात्रों ने पुराने विधानसभा परिसर के पास पहला बैरिकेड तोड़ा था। इसके बाद उन्होंने लगातार आगे बढ़ते हुए एक के बाद एक कई बैरिकेड पार किए। 24 जिलों से पहुंचे हजारों छात्र हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर लिए विधानसभा की ओर मार्च कर रहे हैं। छात्र 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा समेत विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, भर्ती प्रक्रिया में सुधार और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।
रविवार को सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता बेनतीजा रही थी। इसके बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। सुबह से ही रांची के विभिन्न इलाकों में छात्रों की भीड़ जुटने लगी थी। राज्य के अलग-अलग जिलों से छात्र बसों, ट्रेनों और निजी वाहनों से रांची पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में छात्रों ने रविवार रात जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और आसपास के इलाकों में रात गुजारी।
इधर, आंदोलन के बीच भाजपा ने भी मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में भाजपा विधायकों की बैठक के बाद विधायक और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। करीब 9.45 बजे हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बाबूलाल मरांडी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
राजधानी में विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की कोशिश छात्रों को विधानसभा परिसर तक पहुंचने से रोकने की है। वहीं छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

