
पटना। ‘इनके हसबैंड टूट गए तो अपनी पत्नी (राबड़ी देवी)को बना दिया। बिहार विधानपरिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद के महिला विधान पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई। यह बहस महिला हिंसा और शिक्षा के मुद्दे पर शुरू हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद की महिला विधान पार्षद और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर भड़क गए। नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी के पति और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधा। हालांकि, इस दौरान राबड़ी देवी ने एक शब्द नहीं कहा। वो चुपचाप अपनी सीट पर सबकुछ सुनती रहीं।
पहले बिहार विधानसभा और फिर विधान परिषद के माहौल में गरमी देखी गई। दोनों की सदनों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी सदस्यों पर उखड़े हुए दिखे। विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी की ओर इशारा करते हुए नीतीश कुमार ने कहा, ‘इनके (राबड़ी देवी) हसबैंड टूट गए (लालू यादव के जले जाने वाली बात) तो अपनी पत्नी को बना दिया। इसका कोई कोई मतलब है जी? जो हुआ है… ये लोग भी बनी हुई है तो किसी महिला के लिए की है? ये सारा काम… महिलाओं के लिए कितना हुआ है? मालूम है? एक-एक बात हमने बता दिया है।’
इसके बाद शिक्षा मंत्री सुनील कुमार की ओर इशारा करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि आप बताइए। महिला को कोई दिक्कत नहीं है। सदन में शोर होता रहा। आरजेडी की महिला एमएलसी अपनी बात रखती रहीं, इस पर नीतीश कुमार ने कहा कि कुछ नहीं जानती हो। यही लोग (राबड़ी देवी की ओर इशारा करते हुए) बना दिया है नहीं तो तुम लोगों का… कौन महिला का है। मगर, आरजेडी की तीनों महिला एमएलसी एक सुर में बोलती रहीं। फिर नीतीश कुमार ने कहा कि जो महिला के लिए कुछ किया नहीं, आपलोग उन्हीं लोगों की पार्टी (आरजेडी) में हैं। इसके बाद नीतीश कुमार बैठ गए मगर, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को निर्देश दिए कि इन सबों को ठीक से जवाब दीजिए।
तब तक पूरे सदन का माहौल गरम हो चुका था। सभापति अवधेश नारायण सिंह भी अपनी कुर्सी से खड़े हो गए। नीतीश कुमार एक बार अपनी सीट से खड़े हो गए। इसके बाद उन्होंने कहा कि ये जो महिलाएं हैं, इन सबको बताना चाहिए कि कितना महिलाओं के लिए हो रहा है। मगर, आरजेडी एमएलसी नीतीश कुमार से वन टू वन करती रहीं। नीतीश कुमार बैठे-बैठे भी बोलते रहे। बीच-बीच में पत्रकार दीर्घा की ओर भी देखते रहे। इसके बाद आरजेडी एमएलसी उर्मिला देवी ने कहा कि वो हाईस्कूल की मांग कर रही हैं। इसके बाद भी मामला नहीं सुलझा। एक बार फिर नीतीश कुमार खड़े हुए और कहा कि आपको मालूम है, आप उस (आरजेडी) पर्टियां (दल) में हैं?
