
मुजफ्फरपुर । बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब कथित तौर पर हर्ष फायरिंग के दौरान दुल्हन के मामा को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना करजा थाना क्षेत्र के भटौना गांव की है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रंजीत सहनी के रूप में हुई है, जो मुसहरी थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वह रिश्ते में दुल्हन का सगा मामा था और अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए भटौना गांव आया था। जानकारी के मुताबिक, बुधवार की रात्रि भटौना गांव निवासी शंभू सहनी की पुत्री की शादी थी। बताया जा रहा है कि बारात कांटी थाना क्षेत्र के अररा गांव से आई थी। बारात पहुंचने के बाद द्वार पूजा और अन्य वैवाहिक रस्मों की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान समारोह में हर्ष फायरिंग की गई, जिसकी एक गोली रंजीत सहनी को लग गई। गोली लगते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद शादी वाले घर की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी समारोह के दौरान किसी ने गोली चलाई, जिससे रंजीत की जान चली गई। घटना के बाद कई सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिर समारोह में हथियार कैसे पहुंचे और फायरिंग किसने की।इधर, सूचना मिलने के बाद करजा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। करजा थाना के एक अधिकारी ने बताया कि गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसने की और घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है?

