रांची। झारखंड में पछुआ हवाओं के प्रभाव से फिलहाल तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को इसकी संभावना जताते हुए बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण राजधानी रांची सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, रांची में पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से बढ़कर शनिवार को 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 15 फरवरी से तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने लगेगी। फरवरी माह के अंत तक पूरे राज्य में गर्मी का असर शुरू हो जाएगा और औसत तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 32.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान गुमला में 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर मौसम साफ रहा और मध्यम गति से हवाएं चलती रहीं। दोपहर में धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस की गई, जबकि सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बना रहा।

शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 30.4 और न्यूनतम 14.2 डिग्री, डालटेनगंज में 30.8 डिग्री और न्यूनतम 8.8 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.5 डिग्री और 11.4 डिग्री, चाईबासा में अधिकतम 30.4 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री, खूंटी में 27.4 और न्यूनतम 8.9 डिग्री, लोहरदगा में 25 और 8.9 डिग्री, लातेहार में 21.3 और 13.1 डिग्री और सरायकेला में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version