
पटना । निर्वाचन आयोग ने पटना की बेहद वीआईपी मानी जाने वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। इस सीट पर आगामी 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे। यह सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। बांकीपुर सीट को भाजपा का सबसे मजबूत गढ़ माना जाता है, इसलिए इस उपचुनाव पर न सिर्फ सत्ता पक्ष बल्कि विपक्ष की भी पैनी नजरें टिकी हुई हैं। चुनाव की तारीखें सामने आते ही पटना में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।
पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यह चुनाव बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधायक (MLA) पद से इस्तीफे के कारण हो रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार, उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक चलेगी। इसके बाद 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी (जांच) होगी, जबकि प्रत्याशी 16 जुलाई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। बांकीपुर सीट पर आगामी 30 जुलाई को मतदान (वोटिंग) होगा और 3 अगस्त को वोटों की गिनती के साथ ही नतीजों का एलान किया जाएगा।
बिहार, एमपी और गुजरात की तीन सीटों पर उपचुनाव : चुनाव आयोग ने देश के तीन राज्यों बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की एक-एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराने का फैसला लिया है।
