पटना। आजसे पटना मेट्रो का विस्तार हो रहा है। आज सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उद्घाटन और मेट्रो विस्तार का लोकार्पण करेंगे. इसके बाद मेट्रो सेवा मलाही पकड़ी स्टेशन तक शुरू कर दी जाएगी। पटना मेट्रो रेल कॉपोर्रेशन ने इसे लेकर अपने आॅफिशियल सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जानकारी दी है। उद्घाटन कार्यक्रम के कारण आज सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मेट्रो सेवा बंद रहेगी। इसके बाद शाम 4 बजे से मलाही पकड़ी स्टेशन तक नियमित मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी।

16 मिनट में सफर तय करेगी मेट्रो : नए विस्तार के बाद मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन से बैरिया आईएसबीटी (करइळ) तक की कुल 6.2 किलोमीटर की दूरी को तय करने में मेट्रो को मात्र 16 मिनट का समय लगेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो सेवा सुबह 8 बजे से शुरू होकर रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी। फिलहाल इस पूरे मार्ग पर एक ही मेट्रो ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है, जो मलाही पकड़ी से आईएसबीटी जाएगी और वहीं से वापस लौटेगी। हर 35 मिनट के अंतराल पर यात्रियों को इस रूट पर मेट्रो की सुविधा मिलेगी।

पटना मेट्रो प्रशासन ने इस नए रूट के लिए टिकट की दरें भी साफ कर दी हैं। मलाही पकड़ी से लेकर बैरिया आईएसबीटी तक सफर करने वाले यात्रियों को एक तरफ का 30 रुपये किराया देना होगा। यह इस रूट का वर्तमान में तय किया गया अधिकतम भाड़ा है। कम समय और जाम से मुक्त सफर को देखते हुए यह किराया बेहद किफायती माना जा रहा है।

मलाही पकड़ी स्टेशन के लाइव होने के बाद इस पूरे कॉरिडोर पर चालू मेट्रो स्टेशनों की कुल संख्या बढ़कर चार हो जाएगी। अब यात्री मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और बैरिया आईएसबीटी स्टेशनों से आवाजाही कर सकेंगे। हालांकि, ध्यान देने वाली बात ये है कि भूतनाथ और जीरो माइल स्टेशन के बीच पड़ने वाला ‘खेमनीचक मेट्रो स्टेशन’ अभी पूरी तरह बनकर तैयार नहीं हुआ है, इसलिए वहां अभी मेट्रो नहीं रुकेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version