
रांची। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जिन महिला लाभुकों का सत्यापन तथा आधार सीडिंग का कार्य पूरा हो चुका है, उनके खाते में शीघ्र ही राशि जाएगी। सत्यापित महिला लाभुकों के खाते में जनवरी और फरवरी माह की राशि एक-दो दिनों में हस्तांतरित हो सकती है। हालांकि, महिला एवं समाज कल्याण तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग ने मार्च तक की राशि सभी जिलों को भेज दी है। ऐसे में महिलाओं को मार्च तक का भी भुगतान हो सकता है। संभावना जताई जा रही है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भी राशि हस्तांतरित कर सरकार महिलाओं को तोहफा दे सकती है।
विभाग ने फिलहाल सत्यापित लाभुकों के खाते में ही राशि हस्तांतरित करने का निर्णय लिया है। हालांकि जैसे-जैसे अन्य महिलाओं का सत्यापन होता जाएगा, उनके खाते में भी राशि चली जाएगी। सत्यापन में जिन लाभुकों के नाम अयोग्यता या फजीर्वाड़ा के आधार पर काटे गए हैं, उनके खाते में राशि हस्तांतरित नहीं होगी।
सभी जिलों में लाभुकों के सत्यापन का कार्य जारी है। जिलों से आ रही रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 40 लाख महिलाओं का सत्यापन हो चुका है। वहीं, लगभग एक लाख लाभुकों के नाम अब तक कटे हैं। शेष लाभुकों का सत्यापन कार्य चल रहा है। हालांकि, जिलों से अभी तक अंतिम रिपोर्ट विभाग को नहीं मिली है। बताते चलें कि राज्य सरकार ने विधानसभा में होली से पहले लाभुकों के खाते में जनवरी तथा फरवरी माह की राशि हस्तांतरित करने की घोषणा की है।
विपक्ष ने दो माह की राशि अभी तक नहीं देने पर सवाल उठाए थे। इधर, राज्य सरकार ने अगले वित्तीय वर्ष के बजट में इस योजना के लिए 13,363.35 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। यह राशि कई विभागों की कुल बजट राशि से अधिक है।
