
पटना। लोकसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार इंडिया गठबंधन को छोड़ एनडीए में शामिल हुए थे। अब आखिरी चरण की वोटिंग से पहले तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को चक्रव्यूह में फंसाने के लिए पासा फेंक दिया है। नीतीश कुमार को तेजस्वी के दावों पर अब सफाई देनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अब इधर-उधर नहीं करना है। अब यही रहना है।
तेजस्वी ने दावा किया है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर पलटी मारेंगे। तेजस्वी के अनुसार, लोकसभा चुनाव के नतीजे आने बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बड़ा फैसला ले सकते हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कहा कि उनके चाचा नीतीश कुमार 4 जून के बाद कोई भी बड़ा फैसला कर सकते हैं। वे एक बार फिर इंडिया गठबंधन के साथ आ सकते हैं।
नीतीश ने तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना ही जवाब दे दिया। बिहार के नालंदा में नीतीश ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब इधर-उधर नहीं जाएंगे। नीतीश मंगलवार को नालंदा के अस्थावां में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के लिए परिवार ही सब कुछ है, मेरे लिए पूरा बिहार ही एक परिवार है। सीएम ने कहा कि हम तो 1995 से बीजेपी के साथ हैं। बीच में दो बार हम आरजेडी का साथ लिए थे, लेकिन गड़बड़ किया तो हटा दिया। अब हमने तय किया है कि दाएं-बाएं नहीं होने देंगे, साथ रहेंगे। और बिहार की जनता के लिए काम करेंगे।
