पटना। बिहार में दरभंगा शहर के लहेरियासराय अन्तर्गत सैदनगर-अभंडा में भीड़ ने शनिवार को दो वारंटियों को गिरफ्तार कर ले जा रही लहेरियासराय थाने की पुलिस पर जानलेवा कर दिया। इसमें दो सब-इंस्पेक्टर व एक सिपाही जख्मी हो गए। उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) इमरजेंसी में ले जाया गया है।

पुलिस टीम कोर्ट के आदेश पर फरार आरोपित जितेंद्र कुमार यादव को गिरफ्तार करने पहुंची थी। जितेंद्र के खिलाफ वारंट और कुर्की की कार्रवाई का मामला दर्ज था। गिरफ्तार कर ले जारी आरोपितों के पक्ष में स्थानीय लोगों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया। इस दौरान भीड़ ने एक पुलिस कर्मी से पिस्टल भी छीनने की कोशिश की।

जख्मी पुलिस कर्मी अमित कुमार ने कहा कि हम लोग दोनों वारंटियों को गिरफ्तार कर ले जा रहे थे। इस बीच कुछ महिला-पुरुष उन्हें ले जाने से रोकने लगे। हमने उन्हें सरकारी काम में बाधा डालने से मना किया। इसके बाद वहां भीड़ जुट गयी और पुलिस पर पथराव किया जाने लगा। इससे हम लोगों को चोट लगी।

घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगनाथ रेड्डी जलारेड्डी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। एसएसपी ने बताया कि लहेरियासराय थाने की पुलिस ने समस्तीपुर फैमिली कोर्ट से निर्गत नोटिस के आधार पर दो वारंटियों को गिरफ्तार किया था। इसके विरोध में आरोपितों के परिजनों ने पुलिस पर हमला किया और मारपीट की। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्हें डीएमसीएच भेजा गया है। पथराव में पुलिस की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। लोगों ने रोड पर टायर भी जलाए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उन लोगों की पहचान की जा रही है।

एसएसपी ने बताया कि छोटे बच्चों को भी उकसाकर उनसे भी पथराव कराया गया है। उन्होंने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से एक राउंड हवाई फायरिंग करने की भी बात कही। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में दोनों वारंटियों समेत अन्य कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version