
इटावा/फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाश मारे गए, जबकि इटावा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के दो सिपाही गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर अन्य बदमाशों की तलाश में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर इटावा और फिरोजाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।



पुलिस के अनुसार, इटावा जिले के एकदिल थाना क्षेत्र में एक चिकित्सक से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में शामिल कुख्यात बदमाशों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान इटावा एसओजी टीम को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य गाजियाबाद से झारखंड-संबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने की योजना बनाई।
जैसे ही पुलिस ने ट्रेन में तलाशी अभियान शुरू किया, बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के बीच बदमाश ट्रेन से कूदकर स्टेशन के समीप स्थित नगला कन्हई गांव की ओर भाग निकले और वहां छिप गए। पुलिस ने तत्काल उनका पीछा किया, लेकिन बदमाशों ने गांव में भी पुलिस पर लगातार फायरिंग जारी रखी।
बदमाशों की गोलीबारी में एसओजी के सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए फिरोजाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही फिरोजाबाद के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गांव की चारों ओर से घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने दोबारा पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश मारे गए। उनकी पहचान सुमित और अंकित के रूप में हुई है।

