
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में खमरिया स्थित आयुध निमार्णी (आॅर्डिनेंस फैक्टरी) में मंगलवार सुबह जबरदस्त धमाका हुआ। इस हादसे में दो कर्मचारियों की मौत हो गई है जबकि 16 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं एक कर्मचारी लापता है। बताया जा रहा है कि आयुध निमार्णी के एफ6 अनुभाग में पिच्योरा बम को बॉयल्ड आउट करते समय फायर हो गया। विस्फोट के वक्त फैक्टरी के इस भवन में सुबह की पाली में 19 कर्मचारी काम कर रहे थे। सभी घायलों का उपचार जारी है।
आॅर्डनेंस फैक्टरी खमरिया में मंगलवार सुबह 10:45 बजे एफ6 सेक्शन की बिल्डिंग नंबर 200 में विस्फोट हुआ है। फैक्टरी की इस बिल्डिंग में थाउजेंड पाउडर बम का उत्पादन होता है, जो भारतीय वायुसेना उपयोग करती है। इस विस्फोट के बाद करीब 5 किलोमीटर के क्षेत्र में ऐसा लगा जैसे कि भूकंप आ गया हो। लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। आसपास के मानेगांव, चंपानगर, नानक नगर में रहने वाले लोगों ने भी विस्फोट की आवाज सुनी। धमाका इतना तेज था कि फैक्टरी की बिल्डिंग का एक हिस्सा धराशायी हो गया। फैक्टरी प्रबंधन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
विस्फोट के बाद एक कर्मचारी लापता था, जिसका शव मिल गया है। वहीं, एक अन्य घायल कर्मचारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को आयुध निमार्णी खमरिया फैक्टरी हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से रणधीर, श्यामलाल और चंदन नाम के कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। विस्फोट कैसे हुआ और इसमें किसकी लापरवाही थी? इसकी जांच शुरू कर दी गई है। ओएफकेकी जीएम समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। हालांकि, प्रबंधन के अधिकारी अभी मीडिया से कुछ भी जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं। कैंट विधानसभा के विधायक अशोक रोहाणी घायलों को देखने के लिए खमरिया स्थित अस्पताल पहुंचे हैं। अभी तक हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
