
हजारीबाग । जिले में सक्रिय राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द स्थित रेबर गांव के चरेवा टांड के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे की है। घायल दोनों अपराधियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार शुरू कर दिया गया है। घायल अपराधियों की पहचान दीप नारायण भगत उर्फ दीपू, पिता बिल्टू साव, निवासी पदमा थाना क्षेत्र, हजारीबाग तथा राहुल कुमार उर्फ रॉकी, पिता द्वारिका रविदास, निवासी नगवां, थाना एवं जिला चतरा के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।पुलिस के अनुसार, राहुल दुबे गैंग के पूर्व में गिरफ्तार एक सदस्य से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी कि गैंग के कुछ सदस्य रेबर के रास्ते हजारीबाग पहुंचने वाले हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर कटकमसांडी पुलिस ने इलाके में घेराबंदी और नाकेबंदी की। इसी दौरान ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान दो अपराधी घायल हो गए, जबकि दो अन्य फरार हो गए।कई थानों की पुलिस पहुंची घटनास्थल परमुठभेड़ की सूचना पर जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और विभिन्न थानों के प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इनमें मुख्यालय डीएसपी, डीएसपी, इंस्पेक्टर, कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, बरही थाना प्रभारी विनोद यादव, पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकट्टा, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार, केरेडारी थाना प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय और पदमा थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारीपुलिस के अनुसार, घायल दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों, उनके आपराधिक नेटवर्क और संभावित आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। फरार दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसपी अमन कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के निर्देश दिए। जिले में हाल के दिनों में लगातार सामने आ रही फायरिंग और आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को राहुल दुबे गैंग के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।




