
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी के एक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। टोकलो रोड स्थित इलाके में की गई विशेष छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो पशु तस्करों को हिरासत में लिया। इनके पास से एक मालवाहक पिकअप वाहन और उस पर लदी सात भैंसें (छोटा काड़ा) भी बरामद की गईं। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
एसडीपीओ शिवम प्रकाश ने गुरुवार को पुलिस निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरी जानकारी साझा की। उनके साथ चक्रधरपुर थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर भैंसों को गैर कानूनी तरीके से दूसरे राज्य ले जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर टीम गठित कर इलाके में नाकेबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका गया, जिसमें बिना दस्तावेज के सात भैंसें लदी पाई गईं। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पशु तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। बताया जा रहा है कि तस्कर पशुओं को ओडिशा और बंगाल की ओर ले जाने की तैयारी में थे। फिलहाल भैंसों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है और पशु चिकित्सक द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है।
पुलिस के अनुसार तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। चक्रधरपुर पुलिस ने हाल के दिनों में पशु तस्करी पर नकेल कसते हुए कई अभियानों में सफलता पाई है, जिससे इलाके में ऐसे अवैध धंधों पर रोक लगाने में मदद मिली है।
